School Closed in UP: यूपी के इस जिले में आठवीं तक के स्कूलों में 30 दिसंबर तक छुट्टी, आदेश हुआ जारी

School Closed in UP: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों में 29 और 30 दिसंबर को अवकाश घोषित कर दिया गया है। यह आदेश सभी बोर्ड के परिषदीय, माध्यमिक, राजकीय और सहायता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा।

जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, बरेली में लगातार बढ़ रही सर्दी, ठंडी हवाओं और कोहरे के कारण छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी हो रही थी। इसी को देखते हुए डीएम अविनाश सिंह के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता ने अवकाश का आदेश जारी किया है।

हालांकि, बच्चों के लिए स्कूल बंद रहेंगे, लेकिन यू-डायस, अपार आईडी और अन्य प्रशासकीय व विभागीय कार्यों के लिए सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को स्कूल में उपस्थित रहना होगा। शिक्षकों को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक विद्यालय में रहकर जरूरी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।

कोहरा और सर्दी को लेकर मौसम विभाग का अलर्ट

शनिवार सुबह बरेली में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। सुबह 5 से 7 बजे तक सड़कों और हाईवे पर आवागमन प्रभावित रहा। दिनभर शीत दिवस जैसे हालात बने रहे। मौसम विभाग ने जिले के लिए रविवार को कोहरे का रेड अलर्ट और उसके बाद अगले तीन दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए सावधानी बरतें और मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखें।

Leave a Comment

WhatsApp ग्रुप से जुड़ें!